गोरखपुर: दुबई से घर देवरिया लौटे एक युवक में मंकीपॉक्स की पुष्टि हुई है। दुबई में ही उसकी तबीयत खराब हुई थी और मंकीपॉक्स जैसे लक्षण दिखाई दिए तो उसे भारत भेज दिया गया था। भारतीय दूतावास को भी इस बारे में जानकारी दी गई थी। घर लौटने के बाद जब वह अचानक से बीमार पड़ा तो उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां जांच में मंकीपॉक्स के लक्षण मिले। इसके बाद उसे गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां से उसके नमूने क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान केंद्र ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी पुणे जांच के लिए भेजा। मरीज की रिपोर्ट मंकीपॉक्स में पॉजिटिव आ गई है।
मंकी पॉक्स के लक्षण
मंकीपॉक्स के मरीज में बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द, पीठ दर्द, ठंड लगना, थकावट, त्वचा का फटना, शरीर में रेसेज, फफोलेदार दाने, चकत्ते, गला खराब होना, बार-बार खांसी आना, सुस्ती और खुजली जैसे लक्षण मालूम चलते हैं।
क्षेत्रीय और विज्ञान अनुसंधान केंद्र के मीडिया प्रभारी डॉ. अशोक पांडेय ने बताया कि युवक का नमूना लेकर जांच के लिए पुणे भेजा गया था। वहां से रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। मंकीपॉक्स के मरीज की स्थिति में सुधार हो रहा है। उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के इंसेफेलाइटिस वार्ड के आइसोलेशन कक्ष में भर्ती किया गया है।
युवक की जानकारी
मरीज 35 वर्ष का है और देवरिया जिले के बनकटा क्षेत्र के पचरुखिया गांव का रहने वाला है। युवक दुबई की एक कंपनी में काम करता था और पिछले सप्ताह ही बीमार होने के बाद वहां से लौटा था। कंपनी ने उसे उपचार कराने और जांच के लिए नमूने के बाद उसे भारत भेजा था। वह 26 अप्रैल को अपने घर देवरिया पहुंचा था।