
प्रकाशित तिथि: 21 मई 2025
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। चुनाव की आधिकारिक तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारियों का आगाज़ कर दिया है। चुनाव के लिए जरूरी मतपेटिकाओं की आपूर्ति हेतु 75 जिलों में से 67 जिलों में ई-टेंडर जारी कर दिए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि ये चुनाव जनवरी-फरवरी 2026 के बीच हो सकते हैं।
2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह पंचायत चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में रहने वाले बड़ी आबादी के वोट इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगे, इसलिए सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। प्रदेश में कुल 57,691 ग्राम पंचायतें, 826 ब्लॉक और 75 जिला पंचायतें हैं, जिन पर इस चुनाव का सीधा प्रभाव होगा।
विशेषज्ञ मानते हैं कि पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल होता है। जिस पार्टी की प्रदेश में सरकार होती है, वह पंचायत और नगर निगम चुनाव में भी अपना दबदबा बनाए रखती है। इस लिहाज से यह चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीति को आकार देने वाला साबित होगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव को पारदर्शी और सुचारू रूप से कराने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए ई-टेंडर की प्रक्रिया तेज कर दी है।
★