1 मई से खुलेगा UDISE+ पोर्टल: स्कूलों के लिए 2025-26 डेटा एंट्री शुरू

UDISE+ 2025-26: डेटा एंट्री शुरू

UDISE+ 2025-26: स्कूलों के लिए डेटा एंट्री 1 मई से शुरू, 30 सितंबर डेडलाइन

30 अप्रैल 2025 | नई दिल्ली

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए UDISE+ पोर्टल को 1 मई 2025 से खोलने की घोषणा की है। स्कूल शिक्षा सचिव श्री संजय कुमार (IAS) ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र भेजकर समय पर डेटा भरने का अनुरोध किया है।

UDISE+ अब छात्र रजिस्ट्री के रूप में कार्य कर रहा है, जिसमें केवल नए प्रवेश पर डेटा भरने की आवश्यकता होती है।

क्या है समयसीमा?

शिक्षा मंत्रालय ने सभी स्कूलों के लिए डेटा एंट्री की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2025 तय की है। इसके तहत हर राज्य को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी स्कूलों का डेटा समय पर पोर्टल पर दर्ज हो।

किन स्कूलों का डेटा कौन भरेगा?

KVS (केंद्रीय विद्यालय), NVS (नवोदय विद्यालय), नौसेना और वायुसेना द्वारा संचालित स्कूलों का डेटा संबंधित संस्थाएं स्वयं भरेंगी और प्रमाणित करेंगी। राज्यों को केवल राज्य सरकार के अधीनस्थ और निजी स्कूलों का डेटा भरना होगा।

2024-25 का डेटा प्रमाणन

सचिव ने राज्यों से यह भी आग्रह किया है कि वे 2024-25 के डेटा का शीघ्र प्रमाणन करें ताकि उसे सार्वजनिक डोमेन में प्रकाशित किया जा सके और नीति निर्माण में प्रयोग किया जा सके।